साइबर फ्रॉड से बचना है तो भूलकर भी न करें ये गलतियां, ICICI बैंक ने दी सलाह
ICICI Bank Cyber Security Tips: ICICI बैंक ने अपने ग्राहकों को बताया है कि कैसे वे खुद को ऑनलाइन ठगी से बचा सकते हैं.
ICICI Bank Cyber Security Tips: कोरोना काल में ज्यादातर लोग डिजिटल पेमेंट की तरफ बढ़ रहे हैं. ऐसे में ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड (Cyber Frauds) के भी बढ़ने की संभावना है. इसलिए सभी प्रमुख बैंक अपने ग्राहकों को साइबर ठगी से बचान के लिए समय-समय पर सतर्क करती रहती है. इसी तरह ICICI बैंक भी अपने ग्राहकों को होने वाले साइबर फ्रॉड से बचाने के लिए कुछ जानकारियां शेयर की है, जिसे फॉलो करके आप भी खुद को इन साइबर फ्रॉड से बचा सकते हैं.
आज के समय आपका मोबाइल फोन ही आपका चलता फिरता बैंक है. आपके फोन पर बैंक के सारे नोटिफिकेशन, OTP, सिक्योरिटी कोड आदि आते हैं. ऐसे में यदि कोई आपका मोबाइल सिम ही कॉपी कर ले, तो उसके पास आपकी सारी गोपनीय जानकारी होगी.
सिम स्वैप (Sim SWAP) फ्रॉड में ठग आपके ही नंबर पर एक नया सिम इश्यू करा लेते हैं, जिसकी सहायता से ये आपके सारे OTP/सिक्योरिटी कोड को एक्सेस कर पाते हैं. साइबर ठग इसके लिए पहले आपके बैंक डिटेल्स और बैंक अकाउंट में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की जानकारी लेते हैं. फिर आपके नेटवर्क सर्विस प्रोवाइडर से पुराने सिम के डैमेड होने के नाम पर नया सिम इश्यू करा लेते हैं. इसके बाद वो आसानी से आपके अकाउंट में सेंध लगा सकते हैं.
कैसे बचें
अपने बैंक से आने वाले नोटिफिकेशन को लेकर अलर्ट रहें. ध्यान दें कि आपको बराबर बैंक के नोटिफिकेशन मिल रहे हैं या नहीं. यदि लंबे समय से बैंक से आपको जमा और निकासी के अलर्ट्स नहीं आ रहे हैं, तो अपने ब्रांच में संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा अपने अकाउंट बैलेंस और बैंक स्टेटमेंट को भी चेक करते रहें.
सोशल मीडिया के जरिए फ्रॉड
साइबर फ्रॉड (Cyber Fraud) करने वालों के लिए आपके बैंक अकाउंट में सेंध लगाने के लिए आपका सोशल मीडिया अकाउंट हमेशा से सबसे आसान रास्ता होता है. साइबर ठगी के शिकार लोगों के मामलों में ज्यादातर को उनके सोशल मीडिया अकाउंट (फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप) पर किसी गेम, ऑफर या फेस्टिव के लिंक आते हैं. जिस पर क्लिक करते ही या गेम और सॉफ्टवेयर को डाउनलोड करते ही आपके डिवाइस में एक एक्सटेंशन भी डाउनलोड हो जाता है. इसके अलावा कई तरह के सर्वे के जरिए भी ये साइबर ठग आपसे आपकी गोपनीय जानकारी जैसे कि बर्थ डेट, मोबाइल नंबर और बैंक डिटेल्स आदि निकलवा लेते हैं.
कैसे बचें
याद रखें, किसी भी हालत में अपनी गोपनीय जानकारी कभी सोशल मीडिया पर शेयर न करें. अपने डेबिट/क्रेडिट कार्ड नंबर, सीवीवी नंबर, अकाउंट नंबर, OTP, इंटरनेट बैंकिंग आईडी-पासवर्ड किसी को भी न बताएं. भले ही आपको कहा जाए कि आपको आपके बैंक से कॉल किया जा रहा है. कोई भी बैंक आपसे फोन पर इन जानकारियों की मांग नहीं करता है.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें